मोबाइल पोलिंग टीमों द्वारा पहले दिन 164 मतदाताओं से घर से करवाया गया मतदान
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ ( सुंदरनगर )
22 मई ।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर गिरीश समरा ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और दिव्यांग मतदाताओं से घर पर ही मतदान करवाया जा रहा है जिसके लिए 27-सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में 12 मोबाइल पोलिंग टीमों का गठन किया गया है। एक मोबाइल पोलिंग टीम में कुल 05 चुनाव कर्मी जिसमें दो पोलिंग ऑफिसर, एक माइक्रो आब्जर्वर, एक पुलिसकर्मी और एक वीडियोग्राफर शामिल हैं, जो 29 मई तक क्षेत्र के सभी 114 मतदान केंद्रों में जाकर चिन्हित मतदाताओं से घर पर ही मतदान करवाएंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मोबाइल पोलिंग टीमों ने पहले दिन चिन्हित आवेदकों के घर पहुंचकर 164 मतदाताओं से मतदान करवाया, इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 114 और 50 दिव्यांग मतदाता शामिल है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 722 ऐसे मतदाता है जो 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और दिव्यांग है। इन मतदाताओं ने फाॅर्म 12-डी भर कर घर से ही मतदान करने के लिए आवेदन किया है।

