चार स्वर्ण जीतकर मनवाया प्रतिभा का लोहा
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट )
12 अगस्त। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप, 2024 में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट ने चार स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। इन पदकों पर कब्जा करने की सूचना से पूरे स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में आदित्य व दर्श चंदेल ने स्वर्ण पदक जीता।

वहीं दूसरे वर्ग में अधिराज- स्वर्ण पदक और भव्या नेगी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। दिल्ली के में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए लगभग 1000 खिलाड़ी भाग ले रहे थे। स्कूल की शारीरिक अध्यापिका अर्चना ठाकुर ने बताया कि स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया है।

खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले खूब पसीना बहाया था। स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने सभी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए उनकी खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चार स्वर्ण लाना बहुत बड़ी बात है। उन्होंने सभी स्कूली विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से सभी को बहुत खुशी हुई है इसलिए सभी खिलाड़ी प्रशंसा के पात्र हैं। आगे भी वे अपनी कामयाबी को और बुलंदियों तक ले जाएं और स्कूल का नाम रोशन करें।

उन्होंने कहा कि मुझे आशा है कि हम सभी अपने डीडब्ल्यूपीएस, कंडाघाट स्कूल के हर पहलू में विकास को देखकर खुश हैं, और खेलों में अग्रणी रहने के लिए पूरा प्रयास किया जायेगा। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी आर गुप्ता, समिति सदस्य प्रमोद कुमार और मुकेश कुमार ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर स्कूल के सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।


