प्रदेश में उपलब्ध करवाई जा रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं : किशोरी लाल
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बैजनाथ )
25 फरवरी । सिविल अस्पताल बैजनाथ में रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

किशोरी लाल ने कहा कि सिविल अस्पताल, हलके में मुख्य स्वास्थ्य संस्थान हैं और यहां अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से रोगी कल्याण समिति के माध्यम से भी रोगियों के लिए संस्थान में मूलभूत सुविधा जुटाने पर काम करने की बात कही। किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है और जनमानस को घर के नजदीक उत्तम स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाया गया है।
बैठक में अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता को सुनिश्चित करने, दवाओं आपूर्ति, रोगियों के लिये सुविधाओं में सुधार एवं अन्य कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अस्पताल के लिये आगामी योजनाओं और नई आवश्यकताओं को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए।
किशोरी लाल ने कहा कि अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए आरकेएस के माध्यम से सराहनीय कार्य किया जा रहा है और निरंतर मरीजों की भलाई के लिए प्रयास जारी हैं।
बैठक में एसडीएम देवी चंद ठाकुर सहित आरकेएस के मनोनीत तथा सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।


