बाइक पर खतरनाक स्टंट करने वाले युवक पर मुकदमा दर्ज

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन)
26 फरवरी। सोलन के नजदीक शमलेच टनल पर बाइक स्टंट करने वाले शिमला की जुब्बल तहसील के ढरडी घुन्सा गांव निवासी युवक के खिलाफ सोलन पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह युवक अपने बाइक स्टंट के वीडियो अपने फेसबुक पेज Manjul Pnatu(Banda Kharaab)पर अपलोड करता है।

सोलन के एसपी गौरव सिंह के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 25 फरवरी को प्रभारी साईबर सैल सोलन ने सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि इनकी शाखा द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर गलत गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिये नियमित तौर पर की जा रही साईबर पैट्रोलिंग के दौरान आज Manjul Pnatu(Banda Kharaab) फेसबुक पेज पर अपनी आईडी के माध्यम से मोटर साईकिल एचपी-10सी-0448 पर सोलन क्षेत्र से गुजरने वाली एनएच 5 पर शमलेच टनल के पास पर खतरनांक ढंग से बाइक स्टंट का वीडियो अपलोड किया।
उनका कहना था कि मोटर साईकिल राईडर द्वारा इस तरह से खतरनाक ढंग से मोटर साईकिल को चलाना न केवल उसकी अपनी जान के लिये खतरे का कारण था, बल्कि इससे अन्य वाहनों और सड़क पर चल रहे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।
साइबर प्रभारी का कहना था कि इस युवक ने इस प्रकार खतरनाक स्टंटबाजी करके न केवल अपनी व लोगों की जान को जोखिम में डाला है बल्कि कानून व नियमों की भी धज्जियां उड़ाईं। जिस पर पुलिस थाना सदर सोलन में उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया । मामले की जाँच के दौरान उक्त मोटर साइकिल राइडर की पहचान शिमला के जुब्बल तहसील के ढाडी घुन्सा निवासी मंजुल के रूप में हुई।
उसे जांच में शामिल किया गया है। जाँच के दौरान यह भी मालूम हुआ है की यह आरोपी युवक काफी समय से इस प्रकार की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था व इस प्रकार की गतिविधियों के लिए यह अन्य युवकों को भी उकसाता रहा था। उसने शमलेच की वीडियो 24 फरवरी को अपलोड की थी।
सोलन के एसपी गौरव सिंह ने सभी छोटे वाहन चलाने वाले खासकर दोपहिया वाहन चलाने वालों से यही अपील की है कि वे इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल न हों। इस तरह से वाहन चलाने से उनकी जान को खतरा हो सकता है।
सभी दोपहिया चालक अपने वाहनों को सावधानीपूर्वक चलायें व दूसरों के किसी भी प्रकार के बहकावे में ना आयें। उन्होंने सभी दोपहिया वाहन चालकों से आग्रह किया है कि वे हमेशा अपने सिर पर हेलमेट पहन कर अपने वाहन को चलायें ताकि दुर्घटना से बचा जा सके।


