विकासात्मक कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए: गौरव

स्वच्छता अभियान चलाकर कचरे की समस्या का किया जाए स्थायी समाधान

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी )
28 अप्रैल। उपमंडल करसोग में होने वाले विभिन्न विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतू एसडीएम करसोग गौरव महाजन की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों के माध्यम से करसोग उपमंडल में किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यो की समीक्षा की गई।
बैठक में एसडीएम ने सभी विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर विकास कार्यों में गति लाने के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को शीघ्र इनका लाभ मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विकास कार्यो की जानकारी शीघ्र उपमंडलाधिकारी ना. कार्यालय को देना सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए नगर पंचायत करसोग क्षेत्र और सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाकर कचरे की समस्या का स्थाई समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पंचायत करसोग में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पंचायत अधिकारियों को विशेष रूप से शहर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाने पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त, एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी करसोग व चुराग को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाली ग्राम पंचायतों में पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर कचरे की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस पहल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि, इसमें स्थानीय युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वच्छता कार्यों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाई जा सके। उन्होंने पंचायत स्तर पर कचरे के स्थाई समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने के भी निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायतों में पर्यावरण बचाने में, युवाओं की भागीदारी, जैसे अभियान चलाना सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने कहा कि स्वच्छता और विकास कार्य दोनों ही जनता के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

error: