ऑपरेशन सिंदूर: राष्ट्र के लिए गर्व का क्षण – मंत्री राजेश धर्मानी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )8 मई।
हिमाचल प्रदेश सरकार के नगरीय नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा एवं व्यावसायिक-औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने कहा है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पूरे देश को गौरव और सम्मान की अनुभूति कराई है। यह अभियान भारतीय सेना के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को अपनी सेना की वीरता और प्रतिबद्धता पर गर्व है। भारतीय सेना ने जिस रणनीति, शौर्य और संयम के साथ यह सफल अभियान चलाया, उसने न केवल देशवासियों का मनोबल ऊंचा किया बल्कि यह स्पष्ट संदेश भी दिया कि भारत आतंकवाद और आतंकी गतिविधियों के खिलाफ किसी भी स्तर तक जा सकता है।
मंत्री धर्मानी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और आतंकवाद के समूल नाश के लिए हरसंभव समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे अभियानों से हर नागरिक का मनोबल और विश्वास बढ़ता है। हिमाचल प्रदेश के लोग भी इस राष्ट्रीय गौरव के क्षण में एकजुट हैं और अपनी सेना के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

