बिलासपुर एक्वा फेस्ट–2025 की तैयारियों का आयोजन स्थल का उपायुक्त ने लिया जायजा
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )29 अक्तूबर ।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज लुहणू स्थित गोविंद सागर झील में प्रस्तावित ‘बिलासपुर एक्वा फेस्ट–2025’ के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त राजकुमार, पर्यटन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं को निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए, ताकि यह उत्सव प्रदेश स्तर पर आकर्षण का केंद्र बने। उन्होंने कहा कि ‘बिलासपुर एक्वा फेस्ट–2025’ जिले को एडवेंचर, इको तथा एक्वा टूरिज्म के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर आवश्यक उपकरणों एवं सुविधाओं की व्यवस्था के लिए शीघ्र ही निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। साथ ही, गोविंद सागर झील तथा शहर के प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें और इसका आनंद उठा सकें।


