अवितरित धन वापसी हेतु जागरूकता शिविर 28 नवम्बर को

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 26 नवम्बर ।भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा निर्देशों के तहत पूरे देश में चल रहे अवितरित धन वापसी अभियान के अंतर्गत मंडी जिले में शुक्रवार, 28 नवम्बर को विभिन्न स्थानों पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य शिविर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा, जिसमें लाभार्थियों को अवितरित पडी धनराशि वापस प्राप्त करने की प्रक्रिया संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक चंद्र प्रकाश ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य उन नागरिकों को सहायता प्रदान करना है जिनकी धनराशि विभिन्न बैंकों या बीमा कंपनियों में लंबे समय से अवितरित पडी हुई है। शिविर में उपस्थित लाभार्थियों को दावा प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, सत्यापन प्रणाली और संबंधित ऑनलाइन या ऑफलाइन प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से बैंकों द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि पात्र नागरिकों को उनकी जमा राशि सरल, पारदर्शी और परेशानी मुक्त तरीके से प्राप्त हो सके।
उन्होंने बताया कि 28 नवम्बर को पंजाब नेशनल बैंक द्वारा मोती बाजार मंडी, सरकाघाट और जोगिन्द्रनगर शाखाओं में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा मंडी शाखा में, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा कोटली में, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा मंडी तथा नगवाईं शाखाओं में, कैनरा बैंक द्वारा स्कूल बाजार मंडी शाखा में, बैंक ऑफ इंडिया द्वारा मंडी शाखा में, इंडियन ओवरसीज बैंक द्वारा सुंदर नगर में, मंडी अर्बन कोऑपरेटिव बैंक द्वारा मंडी शाखा में तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा मंडी शाखा में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बैंक और बीमा कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
अग्रणी जिला प्रबंधक ने जिला मंडी के सभी पात्र लाभार्थियों से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में पहुंचकर अपनी अवितरित धनराशि वापसी की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त करें और इस सुविधा का लाभ उठाएं।


