विधायक कमलेश ठाकुर ने मूहल में सुनी जनसमस्याएं; ठाकुरद्वारा में 15 लाख की सड़क का किया भूमि पूजन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (देहरा/ कांगड़ा )0 8 जनवरी।
देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने आज ग्राम पंचायत मूहल और ठाकुरद्वारा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं का ब्योरा साझा करने के साथ-साथ ठाकुरद्वारा पंचायत के वार्ड 5 में 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली सड़क का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

यह सड़क पानी के टैंक से लेकर अनुसूचित जाति (एससी) बस्ती तक बनाई जाएगी, जिससे पिछले कई दशकों से सड़क सुविधा की राह देख रहे सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
अपने प्रवास के दौरान विधायक ने मूहल पंचायत के गोगा जाहरवीर मंदिर प्रांगण में एक भव्य जनसुनवाई कार्यक्रम में शिरकत की । इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निपटारा सुनिश्चित किया। शेष समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जनसभा को संबोधित करते हुए कमलेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रदेश सरकार पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर निवेश किया जा रहा है।
विधायक ने मूहल पंचायत के लिए स्वीकृत बड़ी परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यहाँ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने क्षेत्र में ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे नवाचार का उल्लेख करते हुए बताया कि 25 कनाल भूमि पर 600 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने स्वयं सोलर परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आगामी दो माह के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने हेतु मूहल स्कूल के लिए 15 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
कमलेश ठाकुर ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि सरकार सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार कर रही है। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुँचाया जा रहा है।
इस दौरान अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग राजेश धीमान, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेंद्र बग्गा , स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, प्रधान लीला देवी , कान्ता देवी ,सजय कुमार, बीडीसी प्रमिला देवी,
पूर्व जिला परिषद रूमा कौंडल, पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


