ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

समारोह की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कुल्लू ) 16 जनवरी । जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन 26 जनवरी, को ऐतिहासिक ढालपुर मैदान, कुल्लू में पूरे हर्षोल्लास, राष्ट्रीय गरिमा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा। समारोह की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज बहुउद्देश्यीय भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने की।

अतिरिक्त उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री, रोहित ठाकुर होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथि ढालपुर मैदान में ध्वजारोहण के उपरांत मार्च पास्ट का निरीक्षण करेंगे तथा भव्य परेड की सलामी लेंगे।

उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों एवं विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा देशभक्ति और लोक संस्कृति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां समयबद्ध, समन्वित एवं सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग परेड, मार्च पास्ट एवं ध्वजारोहण की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित करे। मार्च पास्ट में पुलिस एवं गृह रक्षा बल के पुरुष एवं महिला जवानों के साथ-साथ आईटीबीपी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड से जुड़े विद्यार्थी तथा आपदा मित्र भाग लेंगे। उन्होंने परेड की रिहर्सल समय पर पूर्ण करने पर विशेष बल दिया।

अतिरिक्त उपायुक्त ने समारोह में देशभक्ति एवं लोक संस्कृति पर आधारित उच्च गुणवत्ता वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ नशे, विशेषकर चिट्टा, के दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रभावशाली स्किट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने ढालपुर मैदान में स्वच्छता व्यवस्था, मंच की साज-सज्जा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल तथा दर्शकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

error: