85 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन तेंलगी का किया उद्घाटन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ ( रिकांगपिओ ) 25 जनवरी ।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज कल्पा विकास खण्ड की गा्रम पंचायत तेंलगी में 85 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन व 14 लाख रूपये की लागत से निर्मित महिला मण्डल भवन तरखवा तथा 5 लाख रूपये की से बने सामूहिक सेवा केन्द्र तेंलगी का उद्घाटन किया ।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा भी 25 जनवरी 1971 को स्वर्गीय प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने प्रदान किया।
राजस्व मंत्री ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू किसान एवं बागवान हितैषी है तथा केंद्र सरकार द्वारा विदेशी सेब के आयात शुल्क को कम करने पर बागवान के हितों को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री श्री पीयूष गोयल के समक्ष मजबूती से रखा और उनकी आजीविका को बचाने का पूर्ण आश्वासन दिया।
जगत सिंह नेगी ने बताया कि वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के लिए कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई जारी मनरेगा योजना के साथ छेड़छाड़ कर केंद्र सरकार ने वंचित वर्गों की उपेक्षा की है तथा ग्रामीण लोगों के साथ कुठाराघात किया है।
जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005, बैंकों एवं बीमा क्षेत्र का राष्ट्रीयकरण, वित्तीय समावेशन व भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 केंद्र में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को लाभ मिला है।
कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की जन समस्याएं भी सुनी और उनका त्वरित समाधान भी किया।
ग्राम पंचायत तेलंगी के प्रधान भूपेंद्र नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
इसके उपरांत राजस्व मंत्री ने कल्पा में 27 लाख रूपये से निर्मित बौद मंदिर का उद्घाटन किया तथा भगवान बुद्ध के विचारों से प्रेरणा लेने का युवा वर्ग से आह्वान किया और दोहराया कि उनके प्रवचन वर्तमान आधुनिक युग में आज भी प्रासंगिक है।
इस अवसर पर उपपुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा, पंचायत समीति कल्पा की अध्यक्षा ललीता पंचारस जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, जिला कांग्रेस महिला अध्यक्षा सरोज नेगी, कल्पा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रितम नेगी, इंटेक के जिला अध्यक्ष मान चंद नेगी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निमार्ण विभाग ललीत जरयाल, खण्ड विकास अधिकारी हिमाशी शर्मा सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित थे।


