रिकांग पिओ के आई.टी.बी.पी मैदान में मनाया गया जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने फहराया तिरंगा, ली भव्य परेड की सलामी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ ) 26 जनवरी ।
जनजातीय जिला किन्नौर में जिला स्तरीय 77वा गणतंत्र दिवस समारोह जिला मुख्यालय के रिकांग पिओ के आई.टी.बी.पी. मैदान में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने की।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया व भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर परवीन कुमार ने किया। परेड में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, हिमाचल पुलिस पुरुष व महिला, गृह रक्षा पुरूष व महिला, गृह रक्षा बैंड, एन.सी.सी के छात्रों की टुकड़ियों ने भाग लिया।
इससे पूर्व आयोजन स्थल पहुंचने पर समारोह के मुख्य अतिथि का जिला प्रशासन व स्थानीय लोगों द्वारा पारम्परिक वाद्य यंत्रो के साथ भव्य स्वागत किया गया।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करके 1 लाख 37 हजार कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा कवच व सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने में मदद मिलेगी।

जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है तथा गुणात्मक शिक्षा के पायदान में राज्य देश में 5वें स्थान पर है जबकि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश 21वे स्थान पर था। इस दिशा में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में शिक्षा प्रदान की जा रही है ताकि सरकारी स्कूल के बच्चे निजी स्कूल के बच्चों के समक्ष हीन भावना से ग्रस्त ना हो।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में भावानगर, सांगला, रिकांग पिओ व कानम सरकारी स्कूलों में सी0बी0ए0सी0 पैटर्न पर शिक्षा प्रदान की जाएगी जिससे निर्धन व वंचित ‌ वर्गों के बच्चों को घर-द्वार पर गुणात्मक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सकें।

बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सहित जनजातीय क्षेत्रों के गरीब वर्ग को सशक्त बनाने के लिए वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत अब तक जिला किन्नौर में 567 लोगों को भू-पट्टे प्रदान किए गए हैं तथा आज के इस पावन अवसर पर 166 लोगों को भू-पट्टे प्रदान कर जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि किन्नौर जिला में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अब तक 93 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है जिसके तहत हिमकेयर योजना के अंतर्गत 59 लाख 77 हजार रुपए की राशि व्यय कर 1133 लाभार्थियों का निःशुल्क इलाज, आयुष्मान भारत प्रधान मंत्री जन आरोग्य के अंतर्गत 50 लाख 40 हजार रुपए की राशि व्यय कर 723 लोगों का मुफ्त उपचार किया गया है। इसी प्रकार सहारा योजना के तहत 193 लाभार्थियों को 83 लाख 10 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नवीन प्रयासों से शिमला के चमयाना अटल सुपर स्पेशलिटी संस्थान व टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी आरम्भ की गई है तथा चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि ‌ राज्य के लोगों को ‌ इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।

जगत सिंह नेगी ने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार किसान-बागवान-पशुपालक के कल्याण के लिए नवाचार प्रयास कर रही है तथा जन-कल्याणकारी नीतियों से वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां गाय व भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है।

राजस्व मंत्री ने बताया कि राज्य आपदा राहत मेन्युअल में बदलाव करके मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मानवीय स्वरूप का परिचय दिया है तथा आपदा ग्रस्त परिवारों को मुआवजा राशि पूरे देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश के लोगों को आपदा के समय में समयबद्ध सीमा में राहत प्रदान की और जमीनी स्तर पर लोगों से मुलाकात कर उनका मुख्यमंत्री ने मनोबल बढाया जबकि विपक्ष दलगत राजनीति में संलिप्त था।

जगत सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश सरकार जल विद्युत परियोजनाओं में प्रदेश हितों की सशक्त पैरवी कर रही है तथा केंद्र सरकार के समक्ष समय-समय पर प्रदेश हित के मुद्दों पर चर्चा की जा रही है तथा सुप्रीम कोर्ट में चोटी के वकीलों द्वारा प्रदेश हितों की पैरवी की जा रही है ताकि राज्य की बहुमूल्य संपदा की रक्षा की जा सके।

जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा सेब के आयात शुल्क को कम करने के मामले को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री श्री पीयूष गोयल के समक्ष मजबूती से उठाया ताकि प्रदेश के सेब बागवानों की आजीविका को हानि ना हो।

राजस्व मंत्री ने गणतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला के ऐसे प्रबुद्धजनों जिन्होंने मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उद्धारण स्थापित किया व खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालो तथा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

इस दौरान उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, वन मण्डलाधिकारी अरविंद कुमार, ए0पी0एम0सी0 शिमला-किन्नौर के निदेशक उमेश नेगी, किनफैड के अध्यक्ष चन्द्र गोपाल नेगी, पंचायत समिति की अध्यक्षा ललिता पंचारस, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सुश्री सरोज नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

error: