तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के प्रयासों से बकरोआ और भगेड़ में स्थापित हुए 2 ट्रांसफाॅर्मर
लो वोल्टेज समस्या के स्थाई समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने राजेश धर्माणी का जताया आभार

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (घुमारवीं /बिलासपुर) 30 जनवरी । घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के बकरोआ और भगेड़ में लोगों की लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान हो गया है। नगर व ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के प्रयासों से बकरोआ और भगेड़ में दो नए विद्युत ट्रांसफार्मर को स्थापित कर दिया गया है।

बकरोआ तथा भगेड़ में विद्युत आपूर्ति की अनियमितता और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण क्षेत्रवासियों को घरेलू उपयोग, व्यवसाय, कृषि कार्य तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी से विशेष आग्रह किया था, जिसे उन्होंने प्राथमिकता प्रदान करते हुए दो नए विद्युत ट्रांसफॉर्मर को स्थापित कर दिया है।
लो-वोल्टेज की समस्या के स्थाई समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने मंत्री राजेश धर्माणी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ हुई है तथा लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिली है। लोगों का कहना है कि इससे न केवल आम जनता को सुविधा सुनिश्चित हुई है, बल्कि छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, किसानों और विद्यार्थियों को भी सीधा लाभ मिला है।
इस संबंध में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है तथा इस दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बकरोआ और भगेड़ में दो नए विद्युत ट्रांसफाॅमरा स्थापित होने से स्थानीय लोगों को कई वर्षों से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से राहत प्रदान की है।


