शाहपुर में सड़कों, पुलों व भवनों पर 90 करोड़ रुपये से हो रहा विकास : केवल सिंह पठानिया

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (शाहपुर/कांगड़ा ) 3 फरवरी ।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा क्रियान्वित किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर आज शाहपुर विश्राम गृह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की।

बैठक के दौरान उपमुख्य सचेतक ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों, पुलों एवं भवनों के निर्माण पर लगभग 90 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री महोदय का आभार व्यक्त किया।

केवल सिंह पठानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों का सेक्शन-वाइज डाटा तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसका प्रभावी और योजनाबद्ध उपयोग किया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे बरसात के मौसम में सड़कों को नुकसान न हो और आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न झेलनी पड़े।

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि कुछ सड़कें जो पिछले कई वर्षों से लंबित थीं, उन्हें वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण किया गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की सराहना की ।
उन्होंने सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद ने उपमुख्य सचेतक का आभार व्यक्त करते हुए विभाग द्वारा संचालित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। अधीक्षण अभियंता बी.एस. ठाकुर ने आश्वस्त किया कि उपमुख्य सचेतक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों एवं सुझावों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण मंडल शाहपुर नीरज जसवाल, धर्मशाला मंडल से चंद्रशेखर, कांगड़ा मंडल से रविभूषण, सहायक अभियंता विपुल पुंज, नितेश, बलवीत दियोलिया, अनुराग, विभिन्न सेक्शनों के कनिष्ठ अभियंता तथा उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

error: