ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : कृषि मंत्री

पिछले माह की घोषणा के अनुरूप ज्वाली सिविल अस्पताल को कंबल व बेडशीट वितरित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (ज्वाली )11 फरवरी। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अस्पतालों के भवनों, मशीनरी एवं आधारभूत ढांचे को चरणबद्ध तरीके से उन्नत किया जा रहा है।


उन्होंने यह बात आज ज्वाली सिविल अस्पताल के दौरे के दौरान कही, जहां उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक सामग्री का वितरण किया। कृषि मंत्री द्वारा पिछले माह अस्पताल की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कंबल व बेडशीट उपलब्ध करवाने की की गई घोषणा के अनुरूप आज अस्पताल को 102 कंबल, 80 बेडशीट, 80 टॉपशीट, 70 तकिए तथा 80 पिलो कवर प्रदान किए गए।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की मूलभूत आवश्यकताओं, स्वच्छता एवं सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है, ताकि आमजन को घर-द्वार पर गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने ज्वाली सिविल अस्पताल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में 50 बेड के अतिरिक्त नया अस्पताल भवन 6.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है, जबकि पुराने भवन की रेट्रोफिटिंग पर 68 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। अस्पताल भवन की सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल एवं परिसर में इंटरलॉकिंग ब्लॉक बिछाने हेतु 37.34 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त दरवाजों, खिड़कियों, छत की पेंटिंग, सैनिटरी आइटम एवं अन्य मरम्मत कार्यों के लिए 10.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं एक्स-रे मशीन व अल्ट्रासाउंड के संचालन के लिए नए ट्रांसफार्मर की स्थापना तथा पुराने भवन की रूफिंग एवं सीलिंग बदलने पर भी लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि जिन भवनों का निर्माण कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है, उन्हें अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जा सके और जनता को समयबद्ध रूप से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों से बातचीत कर फीडबैक लिया तथा आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ज्वाली सिविल अस्पताल के विकास एवं संसाधनों की उपलब्धता के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम नरेंद्र जरियाल,एसएमओ आशुतोष,एक्सईएन जलशक्ति अजय शर्मा,एक्सईएन बिजली बोर्ड विशाल पत्रवाल,
कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी,नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र राजू,आईएमसी अध्यक्ष मनु शर्मा,कांग्रेस नेता अश्वनी चौधरी, अस्पताल प्रशासन, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: