दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट का 6वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 16 फरवरी। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट का 6वां स्थापना दिवस सोमवार को विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारम्भ गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा मधुर अंग्रेज़ी गीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की सम्मानित प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि विद्यालय स्थापना के छठे वर्ष में निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर है और आने वाले वर्षों में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में मंच संचालन कुशलतापूर्वक अध्यापिका ज्योति ने किया।
केक कटिंग समारोह (नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक) का आयोजन अध्यापिका आइरन एवं एकता के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि अल्पाहार वितरण की व्यवस्था अध्यापिका निधि बाला ने संभाली। मंच सज्जा (बैकड्रॉप) का कार्य अध्यापिका अमीषा द्वारा किया गया।

प्रार्थना सभा के उपरांत कक्षा तृतीय से द्वादश तक के विद्यार्थियों को उनकी-उनकी कक्षाओं में भेजा गया तथा नन्हे विद्यार्थियों के लिए केक कटिंग समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
विद्यालय परिवार ने स्थापना दिवस को उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाते हुए भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता तथा समिति सदस्य प्रमोद कुमार और मुकेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्टाफ को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और विद्यालय की निरंतर उन्नति की कामना की।


