23 फरवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मु’क्ति दिवस

97,674 बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल की खुराक: उपायुक्त

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )18 फरवरी। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में आगामी 23 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण स्तर तथा समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है तथा इस अभियान के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिला के 1109 आंगनवाड़ी केंद्रों तथा 1006 विद्यालयों के माध्यम से कुल 97,674 बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी। यह दवा कृमि संक्रमण की रोकथाम में प्रभावी है तथा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने में सहायक है। इसके अतिरिक्त 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 20,638 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी पिलाई जाएगी, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होगी और उनके समुचित शारीरिक विकास में सहायता मिलेगी।

उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को आगामी 23 फरवरी को संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र या विद्यालय में अवश्य भेजें, ताकि वह इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम का लाभ उठा सकें।

उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा निर्धारित तिथि पर एल्बेंडाजोल की खुराक लेने से वंचित रह जाता है, तो ऐसे बच्चों के लिए 28 फरवरी को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जिला के सभी पात्र बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: