मध्यस्थता 2.0 अभियान के तहत मध्यस्थता पैनल के लिए आवेदन आमंत्रित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 27 फरवरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी ने न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारे के उद्देश्य से मध्यस्थता 2.0 अभियान के तहत मध्यस्थता पैनल के गठन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अभियान का शुभारंभ 1 जुलाई से किया जाएगा और इसके माध्यम से दीवानी, पारिवारिक, बैंकिंग, राजस्व तथा अन्य सुलह योग्य मामलों का आपसी सहमति से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विवेक कायस्थ ने बताया कि न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करने तथा पक्षकारों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने में मध्यस्थता एक प्रभावी और व्यावहारिक माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से समय और धन दोनों की बचत होती है तथा आपसी संबंधों में भी सौहार्द बना रहता है। मध्यस्थता 2.0 अभियान का उद्देश्य आमजन में वैकल्पिक विवाद निवारण प्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस व्यवस्था से जोड़ना है।
मध्यस्थता पैनल के लिए सेवानिवृत्त प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारी, बैंक एवं बीमा कंपनियों के सेवानिवृत्त अधिकारी, सेवानिवृत्त शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा अन्य अनुभवी एवं समाज के सम्मानित व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी एक सप्ताह के भीतर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी के कार्यालय में अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष 01905-235428 पर संपर्क किया जा सकता है।


