अंतर-पीढ़ीगत संवाद को बढ़ावा देने हेतु एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित

अंतर-पीढ़ीगत संवाद को बढ़ावा देने हेतु एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (देहरा )3 मार्च।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी देहरा के सौजन्य से व डे केयर सेंटर देहरा के सहयोग से मंगलवार को बचत भवन देहरा के सभागार हॉल में वृद्धजनों हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना के अंतर्गत इंटर जनरेशनल बॉन्डिंग (अंतर-पीढ़ीगत संबंध) विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी धर्मशाला साहिल मांडला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी देहरा विपुल कुमार ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों तथा राजकीय महाविद्यालय देहरा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ एवं युवा पीढ़ी के मध्य संवाद, पारस्परिक समझ तथा पारंपरिक सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना रहा। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि साहिल मांडला ने पीढ़ियों के बीच सामंजस्य की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वृद्धों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय ही समाज की वास्तविक शक्ति है। अन्य वक्ताओं ने भी युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों से जीवन मूल्यों, संस्कारों एवं अनुभवों को आत्मसात करने का संदेश दिया तथा बड़े बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं सेवाभाव बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने “डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी” विषय पर विचार प्रस्तुत करते हुए साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी साझा की। वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवा एवं वरिष्ठ पीढ़ी के बीच संवाद को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को संयम, अनुशासन तथा जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को तकनीक का सदुपयोग करने तथा वरिष्ठ नागरिकों को तकनीकी सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
अंतरपीढ़ी सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शतरंज एवं कैरम बोर्ड प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विजेताओं एवं उपविजेताओं को जिला कल्याण अधिकारी द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीलू अनिल ने गीत प्रस्तुत कर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। तहसील कल्याण अधिकारी देहरा विपुल कुमार ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए समाज के सभी वर्गों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी जसवां कुलदीप शर्मा, डे केयर सेंटर के अध्यक्ष जे सी आजाद, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. यशपाल सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: