जौणाजी में सरकार गांव के द्वारा कार्यक्रम में उपभोक्ता द्वारा लगाए गए आरोप निराधार

बिजली बोर्ड ने कहा उपभोक्ता ने नहीं किया कई वर्षों से बिजली का बिल

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 06 मार्च । हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड ने सोलन जिले के ग्राम पंचायत जौनजी में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति द्वारा उठाए गए सवालों को पूरी तरह से निराधार और भ्रामक बताया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दिलीप सिंह नामक व्यक्ति द्वारा स्मार्ट मीटर और बिजली के खंभे को लेकर लगाए गए आरोप वास्तविकता से कोसों दूर हैं।

क्या है पूरा मामला?

बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पाराशर ने बताया कि दिलीप सिंह ने 12,000 रुपये के असामान्य बिजली बिल का जिक्र करते हुए भ्रामक जानकारी दी। जांच में पाया गया है कि यह बिल घरेलू उपभोक्ता संख्या 100001070839 का है, जो वास्तव में बढ़कर अब 13,906 रुपये हो चुका है और आज तक जमा नहीं किया गया है।

बोर्ड ने बताया कि यह उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वालों की सूची में बड़ा डिफॉल्टर रहा है। इससे पहले भी उपभोक्ता ने नवंबर 2023 से नवंबर 2024 तक का 12 महीने का बिल 12,825 रुपये 23 दिसंबर 2024 को जमा किया था। इसके बाद मई 2025 में उपभोक्ता के इसी कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर लगाया गया।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद भी दिसंबर 2024 से जनवरी 2026 तक के 14 महीनों का 13,906 रुपये का बिल अब तक बकाया है। लगातार बिल न जमा करने के कारण नियमानुसार 3 दिसंबर 2025 को नोटिस जारी कर 22 जनवरी 2026 को उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिया गया।

उपभोक्ता के नाम कई और कनेक्शन भी बकाया

बोर्ड ने खुलासा किया कि दिलीप सिंह के नाम पर तीन अन्य बिजली कनेक्शन भी हैं, जिनके बिल भी लंबे समय से बकाया हैं:

· घरेलू कनेक्शन (मीटर संख्या 100001082706) का बिल जून 2023 से बकाया है।

· दूसरा घरेलू कनेक्शन (मीटर संख्या 100001100409) का बिल दिसंबर 2024 से बकाया है।

· व्यावसायिक कनेक्शन (मीटर संख्या 100002174730) का बिल भी आज तक बकाया है।

बोर्ड ने कहा कि उपभोक्ता न केवल बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहा है, बल्कि गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह भी कर रहा है।

बिजली खंभे का मामला क्या है?

बिजली के खंभे को लेकर उठाए गए सवाल पर बोर्ड प्रवक्ता ने कहा कि जांच में पाया गया है कि सड़क के किनारे लगा यह खंभा पिछले 20 वर्षों से अपनी जगह पर स्थित है। दिलीप सिंह ने अपने घर का निर्माण लोक निर्माण विभाग की सड़क और बिजली के खंभे की ओर बढ़ा लिया है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि खंभा रास्ते में आ गया है। खंभा अपनी जगह पर स्थिर है, घर का विस्तार उस तक पहुंच गया है।

बोर्ड की जनता से अपील

बिजली बोर्ड ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे ऐसे भ्रामक बयानों और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान रहें। किसी भी मुद्दे पर राय बनाने से पहले उसकी पूरी जांच कर लें या विभाग की आधिकारिक जानकारी प्राप्त करें। बोर्ड ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर पहले भी इस तरह की भ्रामक खबरें वायरल हो चुकी हैं, जिनकी जांच के बाद उन्हें गलत पाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: