महिलाएं आज हर क्षेत्र में प्राप्त कर रही उल्लेखनीय उपलब्धियां: हेमराज बैरवा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर नूरपुर में कार्यक्रम आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (नूरपुर ) 7 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नूरपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है।


उपायुक्त ने कहा कि आज महिलाओं ने शिक्षा, प्रशासन, खेल, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन महिलाओं और किशोरियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों और समाज से अपील की कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एचपीवी वैक्सीन के बारे में जागरूक हों और समय पर टीकाकरण करवाएं।
हेमराज बैरवा ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए मिलकर कार्य करें।
इस अवसर पर डीआईजी नाॅर्दर्न रेंज सौम्या साम्बशिवन, एसडीएम अरुण शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में तहसीलदार राधिका सैनी तथा सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी दिव्या यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: