सीएम के स्वागत को कुटलैहड़ तैयार, बंगाणा में होगी विशाल जन-आभार रैली

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बंगाणा /ऊना) 12 मार्च। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 13 मार्च (शुक्रवार) को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने गुरुवार को बंगाणा में सभा स्थल का दौरा कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

इस दौरान एसडीएम सोनू गोयल, बीडीओ केएल वर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शुक्रवार प्रातः लगभग 10 बजे बंगाणा पहुंचेंगे, जहां वे करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुरकाल-पंगा जलापूर्ति योजना का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर बंगाणा में विशाल जन-आभार रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे।
विधायक ने बताया कि इस योजना के निर्माण से लठियाणी, धुंधला तथा आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के स्रोतों को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे लोगों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे क्षेत्रवासियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान मिनी सचिवालय बंगाणा में पुस्तकालय तथा बंगाणा में बहुउद्देशीय हॉल (जिम) की भी आधारशिला रखेंगे।
विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में भी जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है।


