प्राकृतिक खेती विषय पर किसान गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान घटा सकते हैं खेती की लागत : डॉ. राकेश पटियाल

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (गोहर /मंडी) 16 मार्च।
कृषि विभाग द्वारा कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण के माध्यम से विकास खंड गोहर के पंचायत घर कांडी में प्राकृतिक खेती विषय पर एक दिवसीय किसान गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सरोआ और कांडी पंचायत के लगभग 130 उन्नतशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, इसके महत्व तथा इसके आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना निदेशक (आत्मा) जिला मंडी डॉ. राकेश पटियाल उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को आत्मा परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्राकृतिक खेती को पर्यावरण के अनुकूल और किसानों के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि इस पद्धति को अपनाकर किसान खेती की लागत कम कर सकते हैं और टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा दे सकते हैं।

इस अवसर पर उप परियोजना निदेशक डॉ. हितेंद्र ठाकुर, विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. गगन प्रदीप सैनी, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर पुष्प राज, सहायक प्रौद्योगिकी प्रबंधक मुरारी लाल और लक्की कश्यप, कृषि विकास अधिकारी तुलसी राम ठाकुर सहित पशु चिकित्सा अधिकारी तथा कृषि प्रसार अधिकारी ने भी किसानों को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: