मेहवा में सूक्ष्म सिंचाई योजना का विधायक कमलेश ठाकुर ने किया उद्घाटन

एकीकृत विकास परियोजना के तहत पौधारोपण, जल संरक्षण, पुल व पैदल मार्ग सहित कई कार्य संपन्न

कहा ….. प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और लोगों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत

गुगा मंदिर से हरिजन बस्ती सड़क के निर्माण कार्य का किया भूमि पूजन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (देहरा/कांगड़ा )16 मार्च।
एकीकृत विकास परियोजना (विश्व बैंक पोषित) कांगड़ा स्थित धर्मशाला द्वारा निर्मित सूक्ष्म सिंचाई योजना मेहवा का उद्घाटन आज देहरा विधायक कमलेश ठाकुर ने ग्राम पंचायत मेहवा में विधिवत रूप से किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस परियोजना पर लगभग 77 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।


उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से लगभग 200 कनाल कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है, जिससे क्षेत्र के करीब 30 परिवार प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई जैसी योजनाएं किसानों की कृषि उत्पादकता बढ़ाने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कमलेश ठाकुर ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में ग्राम पंचायत मेहवा में लगभग 3.49 करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करवाए गए हैं। इन कार्यों में बुनियादी ढांचे के विकास, कृषि सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, परियोजना के अंतर्गत 33 परिवारों को अनुदान राशि भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें आजीविका और कृषि गतिविधियों को सुदृढ़ करने में सहायता मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, किसानों की आय बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। आने वाले समय में भी इस प्रकार की विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
इस अवसर पर उन्होंने परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विधायक कमलेश ठाकुर ने बताया कि एकीकृत विकास परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत मेहवा में पौधारोपण, भूमि कटाव संरक्षण, लैंटाना उन्मूलन, जल निकासी लाइन निर्माण, बावड़ी व तालाब निर्माण, जल संरचना डैम, जल भंडारण टैंक, सूक्ष्म सिंचाई के तहत पुल व पाइपलाइन बिछाने, पैदल मार्ग और पैदल पुल निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इन कार्यों से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है तथा कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने परियोजना अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शेर लोहारा क्षेत्र में परियोजना के तहत बनी पुली के पास अभी ढंगे नहीं लगाए गए हैं, जिन्हें शीघ्र लगाया जाए ताकि संरचना सुरक्षित रह सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया जाए कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की मरम्मत की आवश्यकता पड़ती है तो विभाग इसकी जिम्मेदारी लेते हुए उसका समाधान करेगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यदि छह महीने के भीतर किसी प्रकार की तकनीकी समस्या सामने आती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विधायक ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे कृषि और अन्य विभागों द्वारा समय-समय पर लगाए जाने वाले प्रशिक्षण शिविरों और जागरूकता कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके।
इससे पूर्व विधायक कमलेश ठाकुर ने एनडीआरएफ के अंतर्गत गलुआ में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संपर्क मार्ग गुगा मंदिर से हरिजन बस्ती सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के साथ-साथ नालियों का निर्माण तथा जल की उचित निकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याओं को भी मौके पर सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और लोगों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी नरेंद्र ठाकुर, वन मंडल अधिकारी देहरा सनी वर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग गुरबचन सिंह ,जल शक्ति विभाग मनीष कुमार ,पूर्व निदेशक दि कांगड़ा राज्य सहकारी बैंक चौधरी सुनील कश्यप , पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा,आरटीए सदस्य पवन चौधरी, विकलांग कल्याण बोर्ड के सदस्य अवनीत पठानियां, , यूथ ब्लॉक अध्यक्ष सुमित ठाकुर,एचपीएमसी आमंत्रित सदस्य पुष्पेंद्र शर्मा ,प्रदीप कुमार , कुलविंदर डोगरा , पूर्व प्रधान बनखंडी विजय ,वासा मथुरा दास व रीना बग्गा सहित विभिन्न पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, परियोजना से जुड़े कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: