डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ )17 मार्च ।

उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय नशा मुक्त भारत अभियान की बैठक ली।
उन्होंने जनजातीय जिला किन्नौर में युवा वर्ग में बढ़ते मादक पदार्थों के सेवन पर चिंता व्यक्ति की तथा पुलिस, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया ताकि मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर स्थानीय लोगों को जागरूक किया जा सके।

डॉ अमित कुमार शर्मा ने पुलिस विभाग को चिट्टा के तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए तथा मादक पदार्थों का सेवन करने वाले युवाओं के परामर्श एवं पुनर्वास तथा कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला ताकि वे नशे के दलदल से निकल कर समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सके।
पुलिस अधीक्षक किन्नौर श्री सुशील कुमार शर्मा ने पुलिस विभाग द्वारा चिट्टा मुक्त किन्नौर के लिए की जा रही पहल पर विस्तृत जानकारी दी तथा पंचायत स्तर पर सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों की जानकारी दी जिससे युवा वर्ग एवं उनके अभिभावकों को नशे/ मादक पदार्थों के हानिकारक परिणामों से अवगत करवाया जा सके।
जिलाधीश किन्नौर ने प्रबुद्ध जनता, अभिभावकों व पंचायत जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र में नशे एवं मादक पदार्थों के बेचने एवं सेवन करने वालों की जानकारी जिला पुलिस को उपलब्ध करवाएं ताकि स्वस्थ ग्रामीण समाज का निर्माण संभव हो सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश नेगी, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ अरुण कुमार गौतम, जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह नेगी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


