जनगणना निदेशालय हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित की गई तीन दिवसीय कार्यशाला

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर )18 मार्च। जिला हमीरपुर में जनगणना-2027 के चार्ज अधिकारियों को जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत करवाने के लिए यहां हमीर भवन में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला बुधवार को संपन्न हो गई। जनगणना निदेशालय हिमाचल प्रदेश की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में जनगणना चार्ज अधिकारी यानि सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नगर निगम हमीरपुर एवं अन्य शहरी निकायों के शीर्ष अधिकारियों तथा उनके अधीनस्थ कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला के अंतिम दिन भी जनगणना निदेशालय हिमाचल प्रदेश के सहायक निदेशक प्रियांशु तिवारी, नोडल अधिकारी अजय सोलंकी और हिमांशु यादव ने अधिकारियों को जनगणना-2027 की तीनों मुख्य डिजिटल प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा इनका अभ्यास करवाया।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के तहत जिला स्तर पर उपायुक्त को प्रधान जनगणना अधिकारी और एडीसी को जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। उपमंडल, तहसील, उपतहसील, नगर निगम एवं अन्य शहरी निकायों के स्तर पर भी जनगणना चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि भारत की यह 16वीं जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी तथा इसके लिए तीन डिजिटल प्रक्रियाएं निर्धारित की गई हैं। लोग स्वयं भी सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल यानि स्व-प्रगणना पोर्टल पर ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। मोबाइल आधारित डाटा संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप एंड जियो टैगिंग की सुविधा प्रदान की गई है। यह ऐप ऑफलाइन मोड में भी काम करेगा और हाउस लिस्टिंग के लिए जियो-टैगिंग की सुविधा प्रदान करेगा। इसके अलावा सीएमएमएस (जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली) पोर्टल पर अधिकारी हर समय जनगणना की प्रगति पर नजर रख सकेंगे।
जिला हमीरपुर में भी जनगणना की प्रक्रिया मुख्यतः दो चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण में इस वर्ष 12 मई से 11 जून तक सभी मकानों एवं अन्य भवनों की लिस्टिंग की जाएगी। मकानों की लिस्टिंग की जानकारी स्वयं भरने के लिए 27 अप्रैल से 11 मई तक की अवधि निर्धारित की गई है। जिला में दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें जनसंख्या गणना के तहत हर व्यक्ति से जुड़े सामाजिक और आर्थिक आंकड़े जुटाए जाएंगे।
जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित 30 प्रश्नों के अंतर्गत कुल 34 जानकारियां अपलोड होंगी। अगर कोई व्यक्ति स्वयं ये जानकारियां अपलोड करता है तो इसमें संबंधित प्रगणक की पुष्टि अनिवार्य होगी।


