विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे- नंदिता गुप्ता

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 19 मार्च।
निर्वाचन विभाग, हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत आज यहां मंडी मंडल के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं प्रधान सचिव नंदिता गुप्ता ने की।


नंदिता गुप्ता ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संपन्न करना तथा इस प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि एसआईआर में यह सुनिश्चित किया जाये की कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने प्रशिक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित प्रतिभागियों के लिए प्रारंभिक निर्देश भी दिए। साथ ही सभी अधिकारियों से प्रशिक्षण कार्यशाला में दिए जाने वाले निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इससे पहले जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने उनका स्वागत किया तथा जिला में निर्वाचन प्रक्रिया संबंधी विविध गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का प्रत्येक स्तर पर अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर एवं निर्वाचन अधिकारी उपेंद्र शुक्ला ने एसआईआर की सारणी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और आईटी स्टाफ के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। वीरेंद्र चौहान ने एसआईआर में उपयोग होने वाली आईटी ऍप्लिकेशन्स की जानकारी दी। इस दौरान व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप), मीडिया, सोशल मीडिया और एसआईआर के दौरान आने वाली जनसमस्याओं के बारे में भी चर्चा की गई।
प्रथम सत्र में एसआईआर कार्यक्रम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं आईटी स्टाफ की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। द्वितीय सत्र में नोडल अधिकारी मुंशी शर्मा ने बूथ लेवल अधिकारियों की नियुक्ति, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी।
दोपहर उपरांत सत्र में एसआईआर के दौरान उपयोग किए जाने वाले आईटी अनुप्रयोगों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता, मीडिया एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा जन शिकायतों के निवारण से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यशाला के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं उप-निर्वाचन अधिकारी गुरसिमर सिंह सहित मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पिति एवं बिलासपुर जिला से संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार/नायब तहसीलदार तथा आईटी स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: