युद्ध संग्रहालय धर्मशाला को लेकर शिमला में बैठक, शाहपुर वॉर मेमोरियल पर भी हुई चर्चा

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (धर्मशाला )20 मार्च।
आज शिमला में युद्ध संग्रहालय धर्मशाला से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सैनिक कल्याण, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने की।

बैठक में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान युद्ध संग्रहालय धर्मशाला से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही शाहपुर में प्रस्तावित वॉर मेमोरियल के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धर्मशाला युद्ध संग्रहालय को शीघ्र ही पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 2 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है।
उन्होंने आगे बताया कि इसी तर्ज पर शाहपुर में वॉर मेमोरियल के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है तथा शीघ्र ही संबंधित कमेटी द्वारा स्थल का अवलोकन किया जाएगा।
बैठक में विशेष सचिव, सैनिक कल्याण बोर्ड हरबंस सिंह ब्रस्कोन भी उपस्थित रहे।


