पोषण भी, पढ़ाई भी अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण

पोषण भी, पढ़ाई भी अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सरकाघाट/ मंडी ) 21 मार्च।

“पोषण भी, पढ़ाई भी” अभियान के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कार्यालय गोपालपुर (सरकाघाट) द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बेहतर पोषण के साथ प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना है, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास संतुलित रूप से सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता तथा खेल-आधारित शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
यह प्रशिक्षण चार अलग-अलग बैच में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रत्येक बैच में कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से यह सिखाया गया कि वे केंद्रों में बच्चों के साथ प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय भदरेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के विकास का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है, इसलिए इस अवधि में सही पोषण और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस अभियान की आधारशिला हैं और उनकी भूमिका बच्चों के समग्र विकास में बेहद अहम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक बच्चे की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए समयबद्ध प्रयास सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाना अत्यंत जरूरी है, ताकि घर और आंगनबाड़ी दोनों स्तरों पर बच्चों को समान रूप से सहयोग मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नवाचार अपनाते हुए बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित करें।
वहीं, बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना शर्मा ने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय भदरेल, जिला समन्वयक रजनीश शर्मा तथा मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।

error: