–
विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया, अधिकारियों को दी बधाई

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सुजानपुर/हमीरपुर) 25 मार्च। एयर शो के आयोजन के लिए कैप्टन रणजीत सिंह ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया तथा वायु सेना, सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा और प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार इस तरह के एयर शो की मेजबानी का मिलना सुजानपुर के लिए एक गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने इसके सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को वायु सेना और सैनिक स्कूल के अधिकारियों का सहयोग करने तथा सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए थे। कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाएं अपने शौर्य एवं देशभक्ति की उच्च परंपराओं के लिए जानी जाती हैं और इनमें हिमाचल प्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इस शो के माध्यम से प्रदेश के युवा प्रेरित एवं प्रोत्साहित होंगे।
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने शहीद नमांश स्याल को भी किया नमन
इस टीम में शामिल है सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के पूर्व विद्यार्थी
सुजानपुर 25 मार्च। भारतीय वायु सेना की एरोबेटिक टीम में सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के पासआउट विद्यार्थी भी शामिल हैं। 25-26 मार्च को सुजानपुर में आयोजित किए जा रहे एयर शो में इसी स्कूल के 10वें बैच के विद्यार्थी रहे और वर्तमान में एयर फोर्स स्टेशन आदमपुर (पंजाब) के प्रभारी एयर कमोडोर बृजेश पॉल और स्क्वॉड्रन लीडर हिमकुश चंदेल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। एयर शो के प्रथम दिन की समाप्ति से पहले एरोबेटिक टीम ने शहीद विंग कमांडर नमांश स्याल के सम्मान में आकाश में एक विशेष फॉर्मेशन बनाकर उन्हें नमन किया। कांगड़ा जिले के नगरोटा क्षेत्र के शहीद विंग कमांडर स्याल भी सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के विद्यार्थी थे और उन्हें भारतीय वायु सेना के बेहतरीन पायलटों में गिना जाता था। 21 नवंबर 2025 को दुबई में एक एयर शो के दौरान हुई दुर्घटना में वह शहीद हो गए थे।


