अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 28 मार्च ।जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त ओमकान्त ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के साथ-साथ विभाग द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं तथा विभाग द्वारा की गई कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई।

अतिरिक्त उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि माह अक्तूबर 2025 से फरवरी 2026 तक कुल 1,45,111 क्विंटल खाद्यान्न तथा 7,53,196 लीटर खाद्य तेल सामग्री विभिन्न श्रेणियों के 1,17,230 राशन कार्ड धारकों एवं 4,17,881 उपभोक्ताओं को 254 हिम सुविधा उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरित किया गया। इस अवधि के दौरान जिले में खाद्यान्नों के 47 नमूने लिए गए तथा विभिन्न विभागीय आदेशों के अंतर्गत 1,068 निरीक्षण किए गए। अनियमितताएं पाए जाने पर दोषियों से 1,87,173 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत मिड-डे-मील योजना (स्कूल शिक्षा विभाग) एवं आईसीडीएस आंगनबाड़ी केंद्रों को खाद्यान्न वितरण की भी समीक्षा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने खाद्यान्नों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने तथा खाद्यान्नों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विभागीय मानकों एवं आदेशों के अनुरूप सख्ती से निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
बैठक में एक हिम सुविधा उचित मूल्य की दुकान को सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत आवेदक के पक्ष में आवंटित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त जिले में एक नई उचित मूल्य की दुकान तथा दो उचित मूल्य की दुकानों के विस्तार बिंदु खोलने का भी निर्णय लिया गया।


