ऑल इंडिया इंटर-डीडब्ल्यूपीएस जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग में मोरबी गुजरात बनी विजेता

ऑल इंडिया इंटर-डीडब्ल्यूपीएस जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग में मोरबी गुजरात बनी विजेता

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 5 अप्रैल। ऑल इंडिया इंटर-डीडब्ल्यूपीएस जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग का रोमांचक समापन रविवार को हुआ, जिसमें गुजरात से आई डीडब्ल्यूपीएस मोरबी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नोएडा एक्सटेंशन उत्तर प्रदेश की टीम को 4 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता 2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित की गई।

प्रतियोगिता की मेजबानी दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट द्वारा की गई।
फाइनल मुकाबले में मोरबी टीम ने संतुलित एवं प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए नोएडा एक्सटेंशन को 4 विकेट से हराया। इस मैच में वर्चस्व शर्मा को मैन ऑफ द मैच तथा दिव्य जुटानिया को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर दिल्ली वर्ल्ड फाउंडेशन के निदेशक जोएल जयवंत वाल्टर, विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रबंधन समिति के सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने भी विशेष अतिथियों के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि डी.आर. गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा का विकास करना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि चारों दिन खेले गए मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने सभी प्रतिभागी टीमों के उत्साह एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन सभी के सहयोग से सफल हो सका। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति, दिल्ली वर्ल्ड फाउंडेशन तथा नौणी विश्वविद्यालय का विशेष आभार व्यक्त किया।


इस प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों—डीडब्ल्यूपीएस कंडाघाट, डीडब्ल्यूपीएस मोरबी, डीडब्ल्यूपीएस नोएडा एक्सटेंशन, डीडब्ल्यूपीएस आगरा एवं डीडब्ल्यूपीएस अजमेर—ने भाग लिया।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता समिति सदस्य प्रमोद कुमार और मुकेश कुमार ने सभी प्रतियोगियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

error: