दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में भव्य अलंकरण समारोह आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट) 30 अप्रैल। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में नवगठित विद्यालय परिषद के अलंकरण हेतु एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा उपस्थित रहीं। स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में आगामी सत्र के लिए विद्यार्थियों की कैबिनेट चुनी गई।

इस मौके पर बोलते हुए प्रधानाचार्य रूपाली साहा ने कहा कि विद्यालय में नेतृत्व क्षमता का विकास विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ करने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान हाउस प्रतिनिधियों को उनके पदानुसार बैज एवं झंडे प्रदान कर औपचारिक रूप से अलंकृत किया गया। इस मौके पर बोलते हुए प्रधानाचार्य रूपाली साहा ने कहा कि प्रतिनिधि बनना एक जिम्मेदारी को भावना को सिखाता है जिसे व्यक्ति में व्यवसायिक प्रतिभा का विकास होता है।

कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक मार्चपास्ट से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुशासन और एकता का परिचय दिया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने मधुर स्वर में विद्यालय गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया। कक्षा दस के विद्यार्थियों ने मधुर स्वर से सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।

विद्यालय परिषद के पदाधिकारियों में हेड बॉय के रूप में मयंक तथा हेड गर्ल के रूप में अमानी का चयन किया गया। खेल सचिव के पद पर अल्पेश को नियुक्त किया गया। अन्य सचिव पदों में हेरिटेज क्लब के लिए कार्तिक तथा ईको क्लब के लिए ध्रुव को जिम्मेदारी सौंपी गई।

हाउस पदाधिकारियों में ब्रह्मपुत्र हाउस के कैप्टन आदित्य एवं वाइस कैप्टन उर्वशी, यमुना हाउस के कैप्टन राशि एवं वाइस कैप्टन अभिनव, कावेरी हाउस के कैप्टन हृदय एवं वाइस कैप्टन नित्या तथा नर्मदा हाउस के कैप्टन रिशित एवं वाइस कैप्टन वैभव को चुना गया।
समारोह के सफल आयोजन पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, समिति सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने सभी चयनित प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवगठित परिषद विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


