दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में मनाया गया श्रमिक आभार दिवस

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में मनाया गया श्रमिक आभार दिवस

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट) 1 मई। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में शुक्रवार को श्रमिक आभार दिवस बड़े सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, के बेटे अंकित जिंदल और उनकी पत्नी निकिता जिंदल, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल की प्रधानाचार्या रूपाली साहा के नेतृत्व में किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें श्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्य अतिथि अंकित जिंदल ने कहा कि “श्रम का सम्मान, सभ्यता की पहचान है”। उन्होंने बताया कि कोई भी कार्य छोटा नहीं होता और प्रत्येक कर्मी समाज तथा संस्था की प्रगति में समान रूप से योगदान देता है।


इस अवसर पर स्कूल के सहायक स्टाफ—ग्रुप डी कर्मचारी, परिवहन कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी, सफाई कर्मचारी, माली तथा अन्य सहयोगी दीदी-भैयाओं—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें संस्था की “मजबूत नींव” बताते हुए उनके समर्पण और परिश्रम के लिए आभार व्यक्त किया गया।


प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन मूल्यों को अपनाने में ही वास्तविक शिक्षा निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे हर कार्य और हर कार्यकर्ता का सम्मान करें तथा सहयोग की भावना विकसित करें।


कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल श्रमिक दिवस पर, बल्कि प्रतिदिन श्रम और श्रमिकों के सम्मान की भावना को बनाए रखेंगे। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार ने मिलकर श्रमिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष डीआर गुप्ता समिति सदस्य प्रमोद कुमार और मुकेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं प्रदान की।

error: