मंडलायुक्त शिमला ने जिला किन्नौर में विकास कार्यों पर बैठक की अध्यक्षता की

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ ) 25 मई ।
राज्य सचिव आयुष विभाग एवं मंडलायुक्त शिमला सुश्री ए. शेनामोल ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर रिकांगपिओ के सम्मेलन कक्ष में जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने राजस्व विभाग द्वारा लंबित पड़े निशानदेही एवं इंतकाल के मामलों पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को समयबद्ध सीमा में राजस्व कार्यों के निपटान के निर्देश दिए ताकि ग्रामीण परिवेश के लोगों को राहत मिल सके।

राज्य आयुष विभाग की सचिव ने 20 करोड रुपए की लागत से क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक की वर्तमान स्थिति पर ब्यौरा मांगा और इसके गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों के रिक्त पड़े पद व उपलब्ध चिकित्सा विशेषज्ञों के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की ताकि वर्तमान प्रदेश सरकार की सर्वस्पर्शी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ घर- द्वार पर दुर्गम क्षेत्र के लोगों को मिल सके।

मंडलायुक्त शिमला सुश्री शेनामोल ने पर्यटन स्थल सांगला में स्थापित मल निकासी परियोजना पर चर्चा की तथा जिला किन्नौर में निर्माणाधीन रिब्बा, नमज्ञा व कल्पा मल निकासी परियोजनाओं पर जानकारी प्राप्त की।

राज्य आयुष सचिव ने जनजातीय जिला किन्नौर में वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत प्रदान किए गए उपेक्षित एवं निर्धन वर्गों को भू पट्टे पर जानकारी मांगी तथा इस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं जवाबदेही बनाने पर बल दिया ताकि पात्र लोगों को भूमि का मालिकाना हक मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर बन सके।

सुश्री शेनामोल ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में विकसित अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की तथा स्थानीय हितधारकों को आश्वासन दिया कि उनका समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को पर्यटन के माध्यम से सुदृढ़ बनाया जाएगा।

उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने बैठक का संचालन किया तथा राज्य आयुष सचिव को जिला में विभिन्न क्रियाशील विकास कार्यों की जानकारी प्रदान की।

बैठक में एसडीएम कल्पा अमित कलथाईक, सहायक आयुक्त विपिन ठाकुर, कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुधीर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: