जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न

जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न

पंचायत समिति एवं जिला परिषद के सभी परिणाम घोषित, 78.29 प्रतिशत दर्ज हुआ मतदान

उपायुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मतदाताओं का जताया आभार

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )01 जून । जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 2026 की संपूर्ण प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हो गई है। जिला की 182 ग्राम पंचायतों, 1140 पंचायत वार्डों, 97 पंचायत समिति वार्डों तथा 14 जिला परिषद वार्डों के लिए तीन चरणों में मतदान आयोजित किया गया। तीनों चरणों में कुल 3,15,443 मतदाताओं में से 2,46,969 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तथा 78.29 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि प्रथम चरण में 26 मई को 62 ग्राम पंचायतों के 428 वार्डों में मतदान संपन्न हुआ, जिसमें 1,19,628 मतदाताओं में से 92,615 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 77.41 रहा। द्वितीय चरण में 28 मई को 62 ग्राम पंचायतों के 386 वार्डों में मतदान करवाया गया, जिसमें 1,08,746 मतदाताओं में से 85,854 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत 78.95 दर्ज किया गया। तृतीय एवं अंतिम चरण में 30 मई को 58 ग्राम पंचायतों के 326 वार्डों में मतदान हुआ, जिसमें 87,069 मतदाताओं में से 68,500 मतदाताओं ने मतदान किया तथा मतदान प्रतिशत 78.67 रहा।

उन्होंने कहा कि जिला की कुल 182 ग्राम पंचायतों में पंचायत प्रधान पद के लिए चुनाव निर्धारित थे, जिनमें से 181 ग्राम पंचायतों में पंचायत प्रधान का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जबकि टाली ग्राम पंचायत में पंचायत प्रधान पद के लिए चुनाव नहीं हो सका। इसके अतिरिक्त पंचायत उप-प्रधान, पंचायत वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य तथा जिला परिषद सदस्यों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूर्ण की गई।

राहुल कुमार ने कहा कि मतदान, मतगणना तथा परिणाम घोषणा सहित सभी निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न कर लिए गए हैं। पंचायत समिति के सभी 97 वार्डों तथा जिला परिषद के सभी 14 वार्डों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण करने में 36 घंटे से अधिक समय लगा, जिसके दौरान जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों ने समन्वित एवं प्रतिबद्ध तरीके से कार्य किया।
उन्होंने कहा कि उपमंडल अधिकारियों की निगरानी में खंड विकास अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की गई तथा प्रत्येक स्तर पर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए गए।

उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला स्तर पर 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। इसके अतिरिक्त वेबकास्टिंग, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य तकनीकी माध्यमों के जरिए मतदान एवं मतगणना गतिविधियों की सतत निगरानी की गई। मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशियों के अधिकृत अभिकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनी रही।

उपायुक्त ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में योगदान देने वाले सभी उपमंडल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों, निर्वाचन अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, निर्वाचन ड्यूटी में तैनात कार्मिकों तथा मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: