विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला बिलासपुर में आयोजित हुआ स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान

उपायुक्त ने लुहणू मैदान में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में लिया भाग, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन बिलासपुर की अगुवाई में जिला बिलासपुर में स्वच्छता एवं पौध रोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

इस अभियान का शुभारंभ उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने लुहणू मैदान में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर किया। इसके उपरांत उन्होंने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पौधरोपण कार्यक्रमों में सहभागिता की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अधिकाधिक पौधे लगाने का भी आह्वान किया। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।

इस मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि पृथ्वी मानव जीवन का आधार है और इसका संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं या अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के व्यवहार और जीवनशैली से जुड़ा हुआ दायित्व है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े बदलाव ला सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की दिशा में समाज का प्रत्येक वर्ग सक्रिय योगदान दे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

उपायुक्त ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने में सहयोग करने तथा अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ नियमित रूप से पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आहवान किया।

सहायक आयुक्त राज कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय परिसर जबकि जिला विकास अधिकारी यशपाल की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बंदला के विनायक घाट में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया।

इसके अतिरिक्त जिला के सभी उपमंडलों तथा विकास खंडों में भी संबंधित एसडीएम तथा खंड विकास अधिकारियों की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत स्तर पर भी स्वच्छता एवं पौध रोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अभियान में विभिन्न विभागों सहित सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिलाओं एवं युवाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का भी संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: