वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के संदर्भ में उपायुक्त किन्नौर ने बैठक ली
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ ) 21 जुलाई।
वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत, उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र की ग्राम पंचायते रक्छम, बटसेरी, थेमगारंग व छितकुल में लंबित पडे विकास कार्याे की समीक्षा की तथा सतलुज नदी के समीप सटे गांव में सुरक्षा दीवारोें के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा पशुपालन विभाग को पशुपालकों को समय-समय पर नवीन जानकारी एवं तकनीको के संदर्भ में ग्रामीण लोगों को जागरूक करने पर बल दिया ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आर्थिक तौर पर सशक्त बनाया जा सकें।
डॉ अमित कुमार शर्मा ने उद्यान विभाग के उप-निदेशक डॉ शमशेर सिंह डेहरू को निर्देश दिए कि वे सांगला घाटी की बटसेरी व थेमगारंग पंचायतो में पैकिंग व ग्रेडिंग हाऊस स्थापित करें ताकि छोटे व सीमांत बागवानों को घर द्वार पर सुविधा उपलब्ध हो सके और वे बाजार में अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकें।
उपायुक्त किन्नौर ने बताया कि खाब-नमज्ञा-शिपकिला सड़क को दुरुस्त किया जाएगा ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को उचित सुविधा उपलब्ध हो सके और स्थानीय लोगों की आय में इजाफा संभव हो सके ।
डॉ अमित कुमार शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन शीघ्र ही स्वास्थ्य, शिक्षा व राजस्व विभागों में रिक्त पडे पदों को भरेगा जिससे स्थानीय लोगों को अपने प्रशासनिक कार्य करवाने में राहत मिलेगी।
एकीकृत जनजातीय विकास कार्यक्रम के परियोजना अधिकारी घनश्याम दास शर्मा ने बैठक का संचालन किया और उपायुक्त किन्नौर को सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्याे पर जानकारी प्रदान की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, सहायक आयुक्त विपिन कुमार, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोडुप नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग (भावानगर) प्रमोद नेगी सहित भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहें ।


