आपदा प्रभावितों के बीच बांटी राहत सामग्री
शाहपुर के अंतिम गांव लाम में भी किया नुकसान का निरीक्षण
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (शाहपुर ) 24 जुलाई।
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज बोह क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने अपनी ओर से 10 क्विंटल आटा-चावल, दालें, 80 महिला सूट, महिलाओं के घरेलू उपयोग का सामान, 25 शालें, 100 पैंट-कमीज तथा अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री प्रभावित परिवारों को भेंट की।
इस अवसर पर एटीसी शाहपुर की प्रभारी एवं उपमुख्य सचेतक की धर्मपत्नी डॉ. सुनंदा पठानिया भी उपस्थित रहीं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बोह में बनाए गए राहत शिविर में रह रहे परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास तक वे हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटे हैं तथा किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
विधायक के निर्देश पर राहत शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। पांच चिकित्सकों की टीम ने लगभग 150 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिनमें आपदा प्रभावित परिवारों के साथ धारकंडी क्षेत्र के अन्य लोग भी शामिल थे।
सभी जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस दौरान मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ. अनीता ने भी लोगों की मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श सेवाएं प्रदान कीं।
इसके बाद विधायक केवल सिंह पठानिया शाहपुर विधानसभा के अंतिम गांव लाम, जो कांगड़ा और चंबा की सीमा पर स्थित है, पहुंचे। वहां उन्होंने भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने बोह राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के लिए की गई राशन व्यवस्था का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर रोटरी क्लब शाहपुर के सदस्यों ने भी राहत सामग्री भेंट की ।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय समयाल, सहायक निदेशक मत्स्य डॉ राकेश, सहायक अभियंता लोक निर्माण नीरज गर्ग,पूर्व जिप सदस्य नीना ठाकुर, रीतिका शर्मा, उपप्रधान सुरेश, पूर्व प्रधान पप्पू,शशि शर्मा के इलावा अन्य क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे।


