सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों को सत्यापन के लिए अंतिम अवसर, एक माह में करें ई-केवाईसी

सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों को सत्यापन के लिए अंतिम अवसर, एक माह में करें ई-केवाईसी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी) 25 जुलाई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों को सत्यापन (ई-केवाईसी) के लिए अंतिम अवसर प्रदान करते हुए एक माह में यह प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया है।

विभागीय प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि जिला कल्याण अधिकारी व तहसील कल्याण अधिकारी के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से विभाग द्वारा जुलाई, 2025 से ई-केवाईसी का कार्य आरम्भ किया गया था। इसके लिए पूर्व में सत्यापन की अंतिम तिथि 28 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई थी और विभाग के अथक प्रयासों के फलस्वरूप कुल 7,84,976 लाभार्थियों की आधार आधारित ई-केवाईसी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यह ध्यान में आया है कि अभी भी कुछ पेंशनर अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं कर सके हैं जिस कारण वे पेंशन सुविधा से वंचित हैं।

उन्होंने बताया कि ऐसे सामाजिक सुरक्षा पेंशनर जिन्होंने अभी तक अपना (ई-केवाईसी) सत्यापन नहीं किया है वे सम्बधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जा कर एक माह के भीतर इसे सुनिश्चित करवाएं। इस अंतिम अवसर के उपरांत, पेंशन लाभार्थी द्वारा अपनी ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करने की स्थिति में यह समझा जाएगा कि पेंशनर अनुपलब्ध है अथवा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है।

इसके अतिरिक्त, यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारण से नहीं बना है या उसे अपडेट करने की आवश्यकता है, तो इस बारे में संबंधित जिला कल्याण अधिकारी व तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने आग्रह किया कि ई-केवाईसी सत्यापन से संबंधित आवश्यक जानकारी के लिए प्रार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी अथवा तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: