डीडब्ल्यूपीएस कंडाघाट में जलजनित रोगों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट )14 अगस्त। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में शुक्रवार को मानसून के दौरान होने वाली जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना रहा।

स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल स्वास्थ्य विशेषज्ञ मोनिका शर्मा ने विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सत्र लिया। उन्होंने मानसून के मौसम में दूषित पानी, अस्वच्छ भोजन और आसपास जमा पानी के कारण होने वाली विभिन्न बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मोनिका शर्मा ने विद्यार्थियों को डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया, टाइफाइड तथा अन्य संक्रमणों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, आसपास सफाई बनाए रखने तथा घर एवं स्कूल परिसर में पानी जमा न होने देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, मच्छरों की रोकथाम के लिए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सूखा रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न बीमारियों के लक्षणों, बचाव के उपायों तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि बीमारी से बचाव के लिए सावधानी, स्वच्छता और जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय हैं।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, समिति सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने स्वास्थ्य जागरूकता सत्र की सराहना करते हुए कहा कि मानसून के दौरान विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है।


