21 साल के संघर्ष, पारिवारिक विरासत और राहुल गांधी के ‘संगठन सृजन’ अभियान में रहे चर्चित, मंत्री शांडिल व विनय कुमार ने दी हरी झंडी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 19 अगस्त।
कांग्रेस पार्टी ने सोलन विधानसभा कमेटी के अध्यक्ष पद पर युवा एवं अनुभवी चेहरे अमित ठाकुर मोन्टू की नियुक्ति करके बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। पिछले 21 वर्षों से एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और पंचायती राज संस्थाओं में सक्रिय अमित ठाकुर को यह जिम्मेदारी उस वक्त सौंपी गई है, जब पार्टी संगठन में नई ऊर्जा की तलाश थी।
अमित ठाकुर हाल ही में धंगील वार्ड से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं और इससे पूर्व वे सिरीनगर पंचायत के प्रधान रह चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। वे सोलन विधानसभा युवा कांग्रेस के दो बार और जिला युवा कांग्रेस के एक बार निर्वाचित अध्यक्ष रह चुके हैं। युवा कांग्रेस में अपने कार्यकाल के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शनों में उनकी सक्रियता के कारण उन पर आधा-दर्जन से अधिक मामले भी दर्ज हुए हैं, जो उनके जुझारूपन को दर्शाते हैं।
अमित ठाकुर की राजनीतिक पृष्ठभूमि काफी मजबूत रही है। उनके पिता रमेश ठाकुर सोलन विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष, पंचायत प्रधान, जिला परिषद सदस्य और एपीएमसी सोलन के चेयरमैन रह चुके हैं, जबकि उनकी माता लीला ठाकुर भी दो बार जिला परिषद की सदस्य रह चुकी हैं। इस पारिवारिक विरासत के चलते अमित ठाकुर को संगठन की ग्राउंड रियलिटी की गहरी समझ है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी के ‘संगठन सृजन अभियान’ के दौरान अमित ठाकुर का नाम विधानसभा व जिला अध्यक्ष के लिए प्रमुखता से आगे आया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और सोलन से मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल की स्वीकृति के बाद ही उनके नाम पर मुहर लगाई गई है। मनीष ठाकुर लंबरदार के इस्तीफे के बाद से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए पार्टी ने अमित ठाकुर को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
कर्नल धनीराम शांडिल और उनके पुत्र संजय शांडिल ने अमित ठाकुर के नाम पर पूरी सहमति जताई है। वहीं, कुछ इक्का-दुक्का कांग्रेसियों को छोड़कर लगभग सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने इस फैसले पर कोई आपत्ति नहीं जताई है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अमित ठाकुर पिछले 4 सालों से निष्क्रिय पड़े सोलन कांग्रेस संगठन में संजीवनी का कार्य कैसे करते हैं। क्योंकि अध्यक्ष पद की रेस में उनका नाम सबसे आगे था, इसलिए संभावना जताई जा रही है कि वह युवाओं और बुजुर्गों को साथ लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। क्या अमित ठाकुर सोलन में एक बार फिर कांग्रेस का परचम लहराकर जीत का ‘चौका’ लगा पाएंगे, यह आने वाला वक्त ही बताएगा।



