ई-ऑफिस के उपयोग में बिलासपुर जिला प्रदेश में प्रथम, 1.96 लाख से अधिक ई-ऑफिस गतिविधियां दर्ज

ई-ऑफिस के उपयोग में बिलासपुर जिला प्रदेश में प्रथम, 1.96 लाख से अधिक ई-ऑफिस गतिविधियां दर्ज

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर), 19 अगस्त। उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर ने ई-ऑफिस के प्रभावी एवं व्यापक उपयोग में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। ई-ऑफिस उपयोग के आंकड़ों के अनुसार उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में कुल 1,96,784 ई-ऑफिस गतिविधियां दर्ज की गईं, जिसके आधार पर बिलासपुर को प्रदेश के सभी जिला उपायुक्त कार्यालयों में ओवरऑल रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में डीसी ऑफिस बिलासपुर में 148 ई-फाइलें बनाई गईं, जबकि 3,876 ई-फाइलें मूव की गईं। इसी अवधि में 1,545 ई-रसीदें बनाई गईं तथा 1,91,215 ई-रसीदें मूव की गईं। इस प्रकार कुल ई-ऑफिस गतिविधियों की संख्या 1,96,784 रही।

ई-ऑफिस के उपयोग के मामले में बिलासपुर ने अन्य जिलों की तुलना में उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की है। प्रदेश में डीसी ऑफिस शिमला 1,17,984 गतिविधियों के साथ दूसरे, डीसी ऑफिस मंडी 1,11,822 के साथ तीसरे, डीसी ऑफिस चंबा 59,522 के साथ चौथे तथा डीसी ऑफिस हमीरपुर 24,180 गतिविधियों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।

ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से सरकारी कार्यालयों में फाइलों और पत्राचार की प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में सहायता मिल रही है। डिजिटल माध्यम से फाइलों एवं ई-रसीदों की आवाजाही से कार्यों की निगरानी, समयबद्ध निस्तारण तथा कार्यालयी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलता है।

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों में प्रथम स्थान प्राप्त करना जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल कार्यप्रणाली को अपनाने तथा कार्यालयी कार्यों को अधिक दक्ष एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: