डिजिटल कृषि पहल के तहत होगा किसानों का डिजिटल क्रॉप सर्वे

डिजिटल कृषि पहल के तहत होगा किसानों का डिजिटल क्रॉप सर्वे

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ ( धर्मशाला ) 1 सितम्बर । केन्द्र एवं राज्य सरकार की डिजिटल कृषि पहल के अंतर्गत कांगड़ा जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इस सर्वे के माध्यम से जिले में विभिन्न फसलों से संबंधित आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे, जिनके आकलन के आधार पर भविष्य में कृषि से संबद्ध योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों को समयबद्ध लाभ प्रदान करने तथा कृषि संबंधी नीतियों के बेहतर निर्माण में सहायता मिलेगी।

यह जानकारी उपनिदेशक कृषि, कांगड़ा ने देते हुए बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए एम/एस स्टार एग्रीबाजार टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत किया गया है। कंपनी द्वारा नियुक्त सर्वेक्षक गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करेंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल संबंधी आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे।

उन्होंने बताया कि किसी भी किसान, पंचायत प्रतिनिधि अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति को डिजिटल क्रॉप सर्वे के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी, स्पष्टीकरण अथवा संदेह हो तो वे अपने क्षेत्र के संबंधित कृषि विषयवाद विशेषज्ञ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उपनिदेशक कृषि ने जिले के समस्त किसानों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से एग्रीस्टैक के अंतर्गत संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे के सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि वे सर्वेक्षकों को फसल एवं कृषि गतिविधियों से संबंधित सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि सर्वे का कार्य निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे से प्राप्त आंकड़े जिले में कृषि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति के आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा भविष्य में किसानों के हित में योजनाओं एवं नीतियों के प्रभावी निर्धारण में उपयोगी सिद्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: