ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पंचायत प्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ करें कार्य – दिव्यांशु सिंगल
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 7 सितंबर।अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय सोलन के सभागार में विकास खण्ड नालागढ़ की 25 पंचायतों के नव निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि इस बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का लक्ष्य नव निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को उनके अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों, पंचायत कार्यप्रणाली तथा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है, ताकि वह अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाई है। पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका गांवों के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन तथा लोगों की समस्याओं के समाधान में अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से आहवान किया कि वह ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायत स्तर पर जवाबदेही और जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाने में अपना सहयोग दें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से आहवान किया कि वे लोगों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पंचायत में पुस्तकालय, आंगनबाड़ी, सामुदायिक केन्द्र इत्यादि कार्यों को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज अधिनियम के तहत प्रदान की गई शक्तियों का प्रयोग कर स्थानीय लोगों के मतभेदों को भी पंचायत स्तर पर ही निपटाना सुनिश्चित करें ताकि समय व धन की बचत हो सके।
प्रशिक्षण शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा पंचायती राज अधिनियम 1994, हिमाचल प्रदेश पंचायती राज नियम-1997, हिमाचल प्रदेश पंचायती राज वित्त नियम-2002, पंचायती राज व्यवस्था, पंचायतों के कार्य एवं दायित्व, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण शिविर में जिला पंचायत अधिकारी सोलन जोगिन्द्र राणा, पंचायत निरीक्षक नितेश भाटिया, सेवानिवृत्त पंचायत निरीक्षक जयचंद कौशल, रमेश शर्मा द्वारा भी पंचायती राज से संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।


