मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान’ के तहत निपटाएं लम्बित मामले – प्रशांत सिंह नेगी

‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान’ के तहत निपटाएं लम्बित मामले – प्रशांत सिंह नेगी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सोलन ) 28 सितंबर।ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा लोगों के लम्बे समय से चल रहे विवादों से राहत दिलाने के लिए सोलन ज़िला में ‘मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान’ आरम्भ किया गया है। यह जानकारी ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी प्रशांत सिंह नेगी ने दी।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नासला मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति द्वारा भी यह अभियान ज़िला के सम्बन्धित न्यायालयों में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ऐसे मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें पक्षकार आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यस्थता में दोनों पक्ष एक प्रशिक्षित मध्यस्थ की सहायता से आपसी सहमति से विवाद सुलझाते हैं और इस मध्यस्थता की प्रक्रिया गोपनीय, लचीली और कम खर्चीली होती है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत विवाह सम्बन्धी विवाद, पारिवारिक विवाद, मोटर वाहन चालान, घरेलू हिंसा, चेकबाउंस, वाणिज्यि विवाद, सेवा मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद तथा ऋण वसूली से जुड़े मामलों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त विभाजन और बेदखली मुकदमों, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त नागरिक मामलों को भी मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को विवादों के वैकल्पिक समाधान की ओर प्रेरित करना तथा लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करना है।
उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि लंबित मामलों को शीघ्र सुलझाने के लिए मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-220713 या टोल फ्री नम्बर 15100 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: