सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में रोजगार मेले का हुआ आयोजन

16 से अधिक कंपनियों ने 400 से अधिक युवाओं के लिए साक्षात्कार

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लॉन्च किया मील ऐप

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (घुमारवीं /बिलासपुर), 03 अक्तूबर। सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में श्रम, रोजगार तथा विदेशी नियोजन विभाग तथा बीबीएनआईए के सहयोग से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया।

इस रोजगार मेले में 16 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया और 400 से अधिक युवाओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। इस दौरान लगभग 200 युवाओं का चयन किया गया, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए संबंधित कंपनियों के मुख्य कार्यालयों में बुलाया गया है। रोजगार मेले में स्थानीय युवाओं के साथ आईटीआई घुमारवीं के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया और रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसरों के लिए कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक भर्ती प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने में उद्योगों की आवश्यकताओं और उपलब्ध मानव संसाधन के कौशल के बीच मौजूद स्किल गैप एक बड़ी चुनौती है। इसे दूर करने के लिए प्रदेश सरकार युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार तथा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए ग्रीन जॉब्स के सृजन के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के तहत शीघ्र ही अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं में मुख्यमंत्री द्वारा बजट में घोषित कौशल अकादमी को भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस अकादमी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिटिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे आधुनिक एवं मांग वाले क्षेत्रों में विशेष पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके तहत युवाओं को फिनिशिंग कोर्स और रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता के साथ व्यावहारिक दक्षता भी विकसित कर सकें।

श्री धर्माणी ने कहा कि तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आईटीआई विद्यार्थियों के लिए ‘रोजगार सेतु’ वेब पोर्टल भी शुरू किया गया है। आने वाले समय में इसका विस्तार करते हुए इंजीनियर ग्रेजुएट, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारक, फार्मेसी डिप्लोमा धारक सहित विभिन्न वर्गों के युवाओं को भी इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा एवं प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध हो।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सीर उत्सव के अवसर पर आयोजित यह रोजगार मेला युवाओं को स्थानीय स्तर पर निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, ताकि घुमारवीं और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक कौशल से प्रशिक्षित कर उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना भी है।

इस अवसर पर रोजगार मेले में भाग लेने वाली विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। रोजगार मेले में टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस, एसआईएस इंडिया, ऑरो टेक्सटाइल इंडिया, इंडिया फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस, श्रीराम फाइनेंस, ज्यूपिटर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, शिवम इंस्टीट्यूट फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग घुमारवीं, रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड, एलआईसी ऑफ इंडिया, ल्यूमिनस पावर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मेराक्वी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, अंबर इंश्योरेंस, हैवेल्स इंडिया, पार्क हॉस्पिटल पंचकूला, अल्फाइंडिया सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए मंत्री राजेश धर्माणी ने लॉन्च किया मील ऐप

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के उद्देश्य से मील’ ऐप लॉन्च किया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं और उद्योगों के बीच प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करेगा तथा विद्यार्थियों को उनकी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार, इंटर्नशिप एवं अन्य करियर अवसर उपलब्ध करवाने में सहायता करेगा।

उन्होंने कहा कि ऐप पर विद्यार्थी निःशुल्क पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी एवं अन्य कौशल, अनुभव, रुचि और करियर संबंधी प्राथमिकताओं की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। वहीं, बीबीएनआई एसोसिएशन से जुड़ी 600 से अधिक औद्योगिक इकाइयों की आवश्यकताओं का मिलान ऐप पर उपलब्ध विद्यार्थी डेटाबेस से किया जाएगा। किसी उद्योग को विशेष योग्यता या कौशल वाले उम्मीदवार की आवश्यकता होने पर उपयुक्त विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें संबंधित उद्योग से जोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: