लॉरेंस स्कूल सनावर के 179वें स्थापना दिवस पर पहुंचे राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों

लॉरेंस स्कूल के 1971 बैच के पूर्व छात्र हैं गुरिंदर सिंह ढिल्लों, स्कूल पहुंचकर ताजा की छात्र जीवन की यादें

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कसौली/ सोलन) 03 अक्तूबर। द लॉरेंस स्कूल, सनावर के 179वें संस्थापक दिवस समारोह में शनिवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास के आध्यात्मिक प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों पहुंचे। गुरिंदर सिंह ढिल्लों इसी स्कूल के 1971 बैच के पूर्व छात्र हैं। संस्थापना दिवस समारोह के अवसर पर अपने पुराने विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन की ओर से उनका आत्मीय स्वागत किया गया।


स्कूल परिसर में पहुंचने पर उन्हें पौधा भेंट किया गया। इसके बाद उन्होंने परिसर का भ्रमण किया और छात्र जीवन से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया। इस दौरान वे स्कूल के पूर्व छात्र और परमवीर चक्र विजेता 2/लेफ्टिनेंट अरुण खेतरपाल की स्मृति में स्थापित प्रतिमा के पास भी पहुंचे।
गुरिंदर सिंह ढिल्लों का सनावर स्कूल से पुराना जुड़ाव रहा है। 1971 बैच के छात्र के रूप में उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष इसी परिसर में बिताए। संस्थापक दिवस समारोह के दौरान स्कूल पहुंचकर उन्होंने परिसर की पुरानी स्मृतियों को फिर से याद किया।
द लॉरेंस स्कूल, सनावर का 179वां संस्थापना दिवस समारोह 3 से 5 अक्तूबर तक आयोजित किया जा रहा है। समारोह में वर्तमान विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, अभिभावक और देश-विदेश से पहुंचे स्कूल के पूर्व छात्र भाग ले रहे हैं। समारोह के दौरान खेलकूद, पूर्व छात्रों के कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं।


समारोह के अंतिम दिन 5 अक्तूबर को संस्थापक दिवस की विशेष सभा और स्कूल ध्वज की ट्रूपिंग का आयोजन होगा। इसमें नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
द लॉरेंस स्कूल, सनावर की स्थापना 15 अप्रैल 1847 को सर हेनरी लॉरेंस और लेडी ऑनोरिया लॉरेंस ने की थी। स्कूल अपनी 179 वर्षों की समृद्ध परंपरा और देश-विदेश में योगदान देने वाले पूर्व छात्रों के लिए जाना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: