रैडक्रॉस से जुड़ें अधिक से अधिक लोग: गंधर्वा राठौड़
जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की बैठक में विभिन्न गतिविधियों के विस्तार पर की चर्चा
गत वित्त वर्ष के दौरान सोसाइटी ने 60 जरुरतमंद लोगों को दी 7.30 लाख रुपये की मदद
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (हमीरपुर) 07 अक्तूबर। उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को सोसाइटी के पदाधिकारियों, संरक्षकों और आजीवन सदस्यों के साथ बैठक करके सोसाइटी की गतिविधियों के विस्तार एवं इसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर व्यापक चर्चा की।
उन्हांेने कहा कि सोसाइटी हमेशा असहाय, गरीब एवं जरुरतमंद लोगों की मदद करती है। जिला में इस संस्था में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जरुरतमंद लोगों की अधिक से अधिक मदद की सके। उन्होंने बताया कि अभी तक जिला में 749 लोग इससे जुड़े हुए हैं। इनमें 730 आजीवन सदस्य और 19 संरक्षक शामिल हैं। जिला के सभी उपमंडलों में भी रैडक्रॉस की इकाइयों का गठन किया गया है। इसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाना चाहिए। कालेज और स्कूल स्तर पर यूथ रैडक्रॉस एवं जूनियर रैडक्रॉस इकाइयां बनाई जा रही हैं। जिले के 56 स्कूलों में जूनियर रैडक्रॉस इकाइयों में 3278 विद्यार्थियों को जोड़ा गया है। इनके माध्यम से नशा विरोधी रैलियां भी निकाली जा रही हैं।
उपायुक्त ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सोसाइटी ने 60 जरुरतमंद लोगों को लगभग 7.30 लाख रुपये की मदद प्रदान की है। मेडिकल कालेज अस्पताल के परिसर में संचालित की जा रही सोसाइटी की लैब में आधुनिक मशीनें स्थापित की गईं और यहां मरीजों के कई प्रकार के टैस्ट बहुत ही कम दामों पर किए जा रहे हैं। सोसाइटी 15 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से एंबुलेंस सेवा उपलब्ध करवा रही है। सोसाइटी ने गत वित्त वर्ष में जिले भर में 10 रक्तदान शिविर आयोजित करके लगभग 395 यूनिट रक्त एकत्रित किया। 5 मेडिकल कैंपों के माध्यम से सैकड़ों लोगों को लाभान्वित किया। दिव्यांगजनों और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। टीबी मुक्त अभियान के तहत भी सोसाइटी ने 10 मरीजों को गोद लिया है, जिन्हें पोषण किट्स प्रदान की जा रही हैं। सोसाइटी ने सफाई एवं पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया। आम घरों में उपयोग के बगैर यूं ही पड़े हुए कपड़ों को इकट्ठा करके इन्हें जरुरतमंद लोगों को बांटने के लिए भी सोसाइटी ने विशेष पहल की है। उन्होंने रैडक्रॉस के विस्तार के लिए सभी आजीवन सदस्यों और संरक्षकों से सुझाव भी आमंत्रित किए।
बैठक में एडीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग, एसडीएम संजीत सिंह, सोसाइटी के सचिव लवकेश शर्मा और कई आजीवन सदस्यों एवं संरक्षकों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इस अवसर पर आजीवन सदस्य शंभू राम जसवाल ने अपने बेटे एवं बहू के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर सोसाइटी को 5100 रुपये का अंशदान भी दिया।


