श्री नैना देवी जी मंदिर में आश्विन नवरात्र मेला की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )08 अक्तूबर। श्री नैना देवी जी मंदिर में आश्विन नवरात्र मेले के सफल आयोजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज वर्चुअल माध्यम से उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मेले के सुचारू संचालन के लिए एसडीएम श्री नैना देवी जी को मेला अधिकारी तथा मंदिर अधिकारी श्री नैना देवी जी को सहायक मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र को 9 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा, जिनमें से 6 सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विस्तृत यातायात योजना तैयार की गई है। यातायात नियंत्रण के लिए टोबा, घंवाडल तथा रोपवे के समीप ट्रैफिक बैरियर स्थापित किए जाएंगे। मेला अवधि के दौरान केवल चिन्हित स्थलों पर ही वाहन पार्किंग की अनुमति होगी ताकि यातायात बाधित न हो। भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त ने नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने मेला के दौरान खाद्य सामग्री व रसोई गैस का पूर्ण भंडारण सुनिश्चित करने तथा मेला के दौरान सभी ढाबों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मेला के दौरान लंगर लगाने के इच्छुक सभी संस्थाओं/संचालकों को ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से अनुमति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित बनाने को मेला क्षेत्र में 5 अस्थायी स्वास्थ्य जांच शिविर स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 3 एम्बुलेंस सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। मेला के दौरान श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव एवं सांस्कृतिक मनोरंजन के लिए मंदिर परिसर पर भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को माता श्री नैना देवी जी के दर्शन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने स्थानीय जनता एवं व्यापारियों से भी मेले के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की है।


